Thursday, October 15, 2026
spot_img
spot_img
Homeबुरहानपुरशिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव, बारिश ने बढ़ाई सावन की रंगत

शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव, बारिश ने बढ़ाई सावन की रंगत

बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) सावन माह के पहले सोमवार को शहर और आसपास के क्षेत्र में श्रद्धा एवं भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प एवं फल अर्पित किए। मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सावन के पहले सोमवार को लेकर सुबह से ही शिवालयों में विशेष तैयारियां की गई थीं। मंदिरों को आकर्षक रूप से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा अर्चना कर परिवार की सुख समृद्धि औरखुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालु उपवास रखकर मंदिर पहुंचे। महिलाओं और युवतियों में भी सावन सोमवार को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। इसी बीच दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में बादल छाने के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब कुछ समय तक हुई तेज बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। पिछले दिनों उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बारिश ने राहत दी। बारिश के बाद शहर का वातावरण भी सुहावना हो गया और सावन की फुहारों ने माहौल में भक्ति के साथ हरियाली और ठंडक का रंग घोल दिया। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का मंदिरों तक पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। कई स्थानों पर लोग छाते लेकर भगवान शिव के दर्शन करने पहुंचे। सावन के पहले सोमवार को हुई बारिश को श्रद्धालुओं ने शुभ संकेत मानते हुए इसे भोलेनाथ की कृपा बताया। सावन माह के पहले सोमवार पर शिवालयों में सुबह से शाम तक पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। भक्ति और बारिश के इस संयोग ने शहर में सावन की शुरुआत को और भी खास बना दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments