बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) नगर की मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है, विशेष रूप से तहसील कार्यालय के समक्ष मुख्य मार्ग पर। जहां एक ओर नगर निगम और यातायात विभाग द्वारा सड़क किनारे खड़े दो पहिया वाहनों को जप्त कर चालानी कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर उसी स्थान पर स्थित शासकीय कार्यालय के सामने खुलेआम अतिक्रमण हो रहा है, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। तहसील के समक्ष मुख्य मार्ग पर चार्ट, जूस, चाय और पान की टपरियां लगा कर सड़क के एक बड़े हिस्से पर कब्जा जमा लिया है, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। पैदल चलने वालों के लिए स्थान नहीं बचा है, और यातायात व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। यह विरोधाभास तब और स्पष्ट होता है जब यातायात पुलिस एक ओर खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती है, लेकिन दूसरी ओर इसी स्थान पर चार पहिया बड़े वाहन भी खड़े हैं जिन पर नगर निगम और यातायात विभाग मेहरबान है अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ यहां कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। इससे प्रशासन की दोहरी नीति पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।नगर निगम की निष्क्रियता आम जनता में नाराजगी का कारण बन रही है। स्थायी समाधान तभी संभव है जब प्रशासन निष्पक्षता से कार्य करे। अतिक्रमण चाहे आम नागरिक करें या दुकानदार – सभी के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए, तभी शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु हो पाएगी।












