केला फसल मुआवजा राशि को लेकर किसानों में असंतोस

बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) केला फसल नुकसान पर वितरित की गई मुआवजा राशि को लेकर किसानों में असंतोष देखने को मिल रहा है। भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत, जिला बुरहानपुर के जिलाध्यक्ष संतोष महाजन एवं जिला मंत्री इंद्रपाल महाजन के समक्ष ग्राम समिति बोदरली के किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं। भारतीय किसान संघ ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा केला फसल नुकसान पर किसानों को मुआवजा राशि वितरित किए जाने पर संगठन ने मुख्यमंत्री एवं शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। हालांकि ग्राम समिति प्रवास के दौरान बोदरली के किसानों ने शिकायत की कि कई किसानों को अपेक्षा से कम मुआवजा मिला है, जबकि कुछ पात्र किसानों को अब तक मुआवजा राशि प्राप्त ही नहीं हुई है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री इंद्रपालमहाजन किसानों के साथ अपर कलेक्टर भागीरथ वागला से मिले। उन्होंने किसानों की समस्याओं से अवगत कराते हुए व्यक्तिगत आवेदन सौंपे तथा सर्वे की समीक्षा एवं निष्पक्ष जांच कर पात्र किसानों को न्याय दिलाने की मांग की।अपर कलेक्टर भागीरथ वागला ने आश्वासन दिया कि प्राप्त आवेदनों की जांच शीघ्र ही तहसीलदार के माध्यम से कराई जाएगी तथा पात्र किसानों की समस्याओं का नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। यह जानकारी भारतीय किसान संघ के मीडिया प्रभारी प्रवीण चौधरी ने दी।



