बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) सेवा संकल्प अभियान में वार्ड स्तर पर सुनी जा रही जनसमस्याएं नगर निगम के शिविरों में पहुंच रहे लोग, मौके पर समाधान की पहल बुरहानपुर। नगर पालिका निगम द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों की जनसमस्याएं सुनी जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना और वार्ड स्तर पर ही शिकायतों का निराकरण करना है। इसी कड़ी में निगम द्वारा अलग-अलग वार्डों में शिविर एवं सेवा संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं सेवासंकल्प अभियान के दौरान नागरिकों से सड़क, नाली, साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, कचरा उठाव सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली जा रही है। संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे हैं। कुछ मामलों में मौके पर ही समस्या का समाधान करने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि लंबित कार्यों को संबंधित विभाग को सौंपकर समय-सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। वार्ड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे नगर निगम के प्रतिनिधियों और अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों का रिकॉर्ड तैयार कर उनके निराकरण की स्थिति की भी जानकारी ली जा रही है।
हालांकि शहर में लंबे समय से सड़क, नाली, सफाई और जल निकासी जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। ऐसे में सेवा संकल्प अभियान की वास्तविक सफलता इस बात से तय होगी कि शिविरों में दर्ज शिकायतों का कितनी तेजी से और स्थायी रूप से निराकरण किया जाता है। नागरिकों को उम्मीद है कि अभियान केवल शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वार्डों में दिखाई देने वाले बदलाव के रूप में इसका असर सामने आएगा। वहीं अब नगर निगम महापौर का कहना है कि कर्मचारी लोगों के घरों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनकर तुरंत हल करें!


