बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) बारिश कि लंबी खिंची से बढ़ा वायरल का प्रकोप, जिला अस्पताल के वार्ड फुल सरदर्द, चक्कर, तेज बुखार और उल्टी के मरीजों की बढ़ी संख्या अस्पताल में बेड पड़ रहे कम शहर में बारिश की खींच से अब लोगों की सेहत पर भी भारी पड़ने लगी है। बारिश के मौसम में वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पिछले कुछ दिनों से जिला अस्पताल में तेज बुखार सरदर्द चक्कर, उल्टी और कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई है। हालात यह हैं कि अस्पताल के विभिन्न वार्डों में मरीजों की संख्या बढ़ने से बेड कम पड़ने लगे हैं और कई वार्ड लगभग फुल हो गए हैं। उस पर स्टाफ की कमी सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है बारिश नहीं होने के कारण मौसम में लगातार तापमान बढ़ रहा है जिस के कारण संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। इसका सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर दिखाई दे रहा है। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और पहले से कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग वायरल की चपेट में अधिक आ रहे हैं। अस्पताल की ओपीडी में भी सुबह से ही मरीजों की लंबी कतार देखने को मिल रही है।तेज बुखार के साथ उल्टी चक्कर की शिकायत अस्पताल पहुंच रहे मरीजों में तेज बुखार के साथ सरदर्द, शरीर में दर्द, चक्कर, उल्टी और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं। कई मरीजों को चिकित्सकीय निगरानी में भर्ती करना पड़ रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते वार्डों में अतिरिक्त दबाव बन गया है। चिकित्सकों के अनुसार बारिश के मौसम में दूषित पानी और खुले में रखे खाद्य पदार्थों से बचना चाहिए। घर के आसपास पानी जमा न होने दें और पीने के लिए साफ एवं सुरक्षित पानी का इस्तेमाल करें। बुखार या अन्य लक्षण लगातार बने रहने पर चिकित्सक से जांच कराना जरूरी है।लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी दबाव बढ़ा दिया है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के सामने वायरल संक्रमण से निपटने के साथ अस्पताल में पर्याप्त बेड, दवाओं और स्टाफ की व्यवस्था बनाए रखना भी बड़ी चुनौती बन गया है।


