बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) निजी पानी कारोबारियों पर निगम मेहरबान!शहरवासियों को नगर निगम द्वारा त्रिस्तरीय जल वितरण व्यवस्था के तहत पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। इसके अंतर्गत विभिन्न वार्डों में ट्यूबवेल, उतावली नदी और जल आवर्धन योजना की पाइपलाइनों के माध्यम से पानी की सप्लाई की जाती है। लेकिन अचानक निगम प्रशासन द्वारा भविष्य में जल संकट की आशंका जताते हुए वार्डों के ट्यूबवेल से होने वाली पानी की सप्लाई एक दिन छोड़कर करने का फरमान जारी कर दिया गया। इस निर्णय से शहर के कई वार्डों में हड़कंप मच गया है यहां यह ज्ञात हो कि वर्तमान में भी शहर के विभिन्न वार्डों में पहले से एक या दो दिन के अंतराल से पेय जल सप्लाई किया जा रहा है जिससे नागरिकों मेंनाराजगी देखी जा रही है।सवाल यह है कि जब अभी सर्दी का मौसम है और भीषण गर्मी ने दस्तक भी नहीं दी है, तब जल संकट का हवाला देकर आम नागरिकों पर पानी की कटौती क्यों थोपी जा रही है नागरिकों का मानना है कि निगम प्रशासन ट्यूबवेल एक दिन बंद रखकर बिजली के बिलों में कटौती करने की कवायद कर रहा है, लेकिन इसकी कीमत आम जनता को पानी की परेशानी के रूप में चुकानी पड़ रही है।विडंबना यह है कि एक ओर आम नागरिकों को पानी की बचत का पाठ पढ़ाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर निजी फिल्टर प्लांटों में पानी का दोहन होने और अवैध सर्विस स्टेशनों पर लाखों गैलन पानी बहाए जाने की शिकायतों पर निगम प्रशासन का प्रभावी नियंत्रण नजर नहीं आता। आखिर पानी की बचत की जिम्मेदारी सिर्फ आम नागरिकों की ही क्यों इस व्यवस्था का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है, जिनके पास पानी का भंडारण करने के पर्याप्त साधन नहीं हैं। निगम प्रशासन को चाहिए कि वह पहले पानी के व्यावसायिक दोहन और अनावश्यक बर्बादी पर अंकुश लगाए, उसके बाद जल वितरण में कटौती का निर्णय ले। आखिर जल संकट के नाम पर आम जनता को ही हर बार परेशानी क्यों उठानी पड़े?


