बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) प्रसिद्ध स्कॉलर खान ने उग्रवाद के जन्म और उसके मनोवैज्ञानिक आधार को लेकर एक महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किया है। उनके अनुसार उग्रवाद अक्सर उस समय जन्म लेता है, जब कोई समुदाय सामूहिक पतन, अपमान, पराजय और पहचान के संकट से गुजर रहा होता है। जब समाज अपना आत्मविश्वास, शक्ति, बौद्धिक क्षमता और नैतिक दिशा खोने लगता है, तब वह अतिरंजित धार्मिक दावों के सहारे अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा हासिल करने का प्रयास करता है।स्कॉलर खान का मानना है कि पराजय और हाशिये पर जाने की वास्तविकता को स्वीकार नहीं कर पाने की स्थिति में कुछ लोग धर्म को आक्रोश और प्रतिशोध का माध्यम बना लेते हैं। उग्रवादी विचार धारा ऐसे समुदायों को खोया हुआ गौरव लौटाने का सपना दिखाती है। इसके लिए कभी राजनीतिक प्रभुत्व की पुनर्स्थापना, कभी धार्मिक शुद्धता का दावा तो कभी कथित शत्रुओं से बदला लेने की भावना को हवा दी जाती है। इसके साथ ही अतीत के किसी काल्पनिक स्वर्णिम दौर में लौटने का आह्वान भी किया जाता है।यह विचार मनोवैज्ञानिक और ऐतिहासिक दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण है। जब समुदाय अपने विश्वास और भविष्य को लेकर आश्वस्त होने के बजाय अपमानित और असुरक्षित महसूस करता है, तब कट्टरपंथी विचारधाराओं के लिए जगह बनती है। वे लोगों की निराशा और कुंठा को सामूहिक पहचान तथा संघर्ष की भावना में बदल देती हैं।इस प्रक्रिया में धर्म का मूल उद्देश्य पीछे छूट जाता है। ईश्वर के प्रति चेतना विनम्रता सहिष्णुता और नैतिक उत्तर दायित्व की जगह आहत गौरव, नफरत और प्रतिशोध लेने की मानसिकता हावी होने लगती है। स्कॉलर खान का विचार इस बात की ओर संकेत करता है कि उग्रवाद का मुकाबला केवल सुरक्षा उपायों से नहीं, बल्कि सामाजिक आत्मविश्वास, शिक्षा, बौद्धिक स्वतंत्रता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करके भी किया जाना चाहिए।


