बुरहानपुरमध्य प्रदेश

रमजान के पवित्र माह का आगाज़ मस्जिदों में बड़ी रौनक

बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) रमज़ान के पवित्र माह का शुभारंभ गुरुवार से होते ही पूरे मुस्लिम समाज में श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। बुधवार देर शाम चांद दिखने की खबर मिलते ही मस्जिदों में रौनक बढ़ गई और लोगों ने तरावीह की नमाज़ अदा कर पवित्र महीने का स्वागत किया। गुरुवार को पहले रोज़े के साथ इबादतों का सिलसिला शुरू हो गया, जो पूरे माह निरंतर जारी रहेगा। रमजान आत्मसंयम, त्याग और आध्यात्मिक शुद्धि का महीना माना जाता है। इस दौरान रोज़ेदार सूर्योदय से पहले सहरी करते हैं और सूर्यास्त के बाद इफ्तार कर रोज़ा खोलते हैं। दिनभर भूखे-प्यासे रहकर अल्लाह की इबादत करना, कुरआन शरीफ की तिलावत करना और जरूरतमंदों की मदद करना इस महीने की खास विशेषताएं हैं। मस्जिदों में पांच वक्त की नमाज़ के साथ विशेष तरावीह की नमाज़ अदा की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हो रहे हैं। वहीं बोहरा समुदाय के तीन रोज़े मुकम्मल होने के साथ उनकी मस्जिदों में भी इबादतों का दौर जारी है। समुदाय के लोग अनुशासन और श्रद्धा के साथ धार्मिक परंपराओं का निर्वहन कर रहे हैं। रमजान को लेकर पहले से ही खासा उत्साह देखा गया था। बाजारों में चहल-पहल रही और लोगों ने इफ्तार की तैयारियों के लिए आवश्यक सामान की खरीदारी की। रमजान का यह महीना आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश देता है। समाज में एकता और करुणा की भावना को मजबूत करने वाला यह पवित्र समय सभी के लिए आध्यात्मिक उन्नति का अवसर लेकर आता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button