बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) जिले में लगातार सामने आ रही विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं, पारदर्शी सूचना व्यवस्था की कमी तथा जर्जर विद्युत ढांचे के सुधार की मांग को लेकर अधीक्षण यंत्री श्री के. एस. मालवीया के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन विद्युत विभाग की प्रतिनिधि अधिकारी ए.ई.सी. हिना साहिबा को दिया गया ज्ञापन में बताया गया कि जिले में बिना पूर्व सूचना के बार-बार बिजली बंद होने से आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों, बुजुर्गों एवं मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के दौरान घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं किसानों की सिंचाई व्यवस्था भी बाधित हो रही है, जिससे कृषि कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ताप्ती सेवा समिति ने मांग की है कि बिजली कटौती एवं मरम्मत कार्यों की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यमों से तत्काल जनता तक पहुंचाई जाए। साथ ही प्रभावित क्षेत्र, बिजली बंद होने का कारण तथा विद्युत आपूर्ति बहाल होने का संभावित समय भी स्पष्ट रूप से बताया जाए। ज्ञापन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जर्जर हो चुके विद्युत पोल, तार एवं अन्य उपकरणों का सर्वे कर उन्हें तत्काल बदलने की मांग भी की गई। समिति ने कहा कि हल्की हवा, सामान्य वर्षा अथवा पेड़ की टहनियां गिरने मात्र से बार-बार बिजली बाधित होना विद्युत व्यवस्था की कमजोरियों को दर्शाता है, जिसका स्थायी समाधान किया जाना आवश्यक है। ताप्ती सेवा समिति ने किसानों को निर्धारित समयानुसार गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने तथा कृषि फीडरों में होने वाली कटौती की पूर्व सूचना देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई है। शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए प्रभावी नियंत्रण कक्ष एवं सूचना प्रणाली विकसित करने की आवश्यकता बताई। समिति ने आशा व्यक्त की कि विद्युत विभाग जनहित को सर्वोपरि रखते हुए उक्त मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा, जिससे जिले की जनता को राहत मिल सके। इस अवसर पर श्रीमती सरिता राजेश भगत, धर्मेंद्र सोनी, कविता चौहान, अत्ताउल्लाह खान, मंसूर सेवक, रियाज उल हक अंसारी, सहित अन्य सदस्य गण उपस्थित थे!












