पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन पर निकला भव्य जुलूस

बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) इस्लाम धर्म के संस्थापक एवं पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर शहर में मुस्लिम समाज की ओर से भव्य जुलूस का आयोजन किया गया। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। जुलूस के दौरान शहर का माहौल धार्मिक उत्साह से सराबोर नजर आया। जुलूस का शुभारंभ लोहार मंडी स्थित बाहर ए अशरफिया मदरसे से हुआ। विभिन्न मार्गों से होते हुए जुलूस शहर के प्रमुख क्षेत्रों से गुजरा। जुलूस में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन, उनके संदेश और मानवता, भाईचारे, शांति तथा सद्भावना के विचारों को याद किया। जुलूस में शामिल लोगों ने अनुशासन के साथ अपनी भागीदारी दर्ज कराई। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ पाला बाजार पहुंचा, जहां इसका समापन धार्मिक सभा के रूप में हुआ। सभा में उलेमाओं एवं वक्ताओं ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। वक्ताओं ने समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम, शांति और जरूरतमंदों की सहायता को बढ़ावा देने का संदेश दिया। जुलूस को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा तथा यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। प्रशासनिक अमले की मौजूदगी के बीच जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान शहर की गंगा जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द की तस्वीर भी देखने को मिली।



