बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) शनिवार सुबह अचानक भूगर्भीय हलचल से लोग दहशत में घरों से बाहर निकले चंद सेकंड के झटकों ने फिर याद दिलाई भूकंप मापी केंद्र की जरूरत, वर्षों से उठ रही मांग पर नहीं हुआ अमल शनिवार सुबह करीब 9 बजे अचानक हुई भूगर्भीय हलचल से शहर में अफरा-तफरी मच गई। कुछ सेकंड तक महसूस किए गए झटकों से मकान और आसपास की इमारतें हिलने लगीं। अचानक धरती कांपने से लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर दौड़ पड़े। सुबह के समय हुई इस हलचल ने एक बार फिर लोगों के बीच भूकंप को लेकर चिंता बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि इस भूगर्भीय हलचल की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 आंकी गई है। हालांकि, झटकों के कारण जिले में कहीं भी जानमाल के नुकसान की जानकारी प्रशासन को नहीं मिली है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की बड़ी क्षति सामने नहीं आई। दो-तीन वर्षों से लगातार महसूस हो रही हलचल ने जिले में पिछले दो-तीन वर्षों के दौरान समय-समय पर इस तरह की भूगर्भीय हलचल महसूस की जाती रही है। अचानक धरती कांपने की घटनाओं से नागरिकों में भय का माहौल बनता है। इसके बावजूद जिले में अब तक भूकंप मापी केंद्र स्थापित करने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। मांग उठी, लेकिन जिम्मेदारों ने नहीं दिखाई गंभीरता जिले में बार-बार महसूस किए जा रहे भूकंप के झटकों को देखते हुए स्थानीय स्तर पर भूकंप मापी केंद्र स्थापित करने की मांग उठती रही है, ताकि भूग र्भीयगतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके और हलचल की वास्तविक स्थिति का पता चल सके। लेकिन वर्षों से उठ रही इस मांग पर अब तक अमल नहीं होना जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।शनिवार को महसूस किए गए झटकों ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार क्यों कर रहा है? जिले में भूकंप मापी केंद्र की स्थापना अब केवल मांग नहीं, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से जरूरी कदम बन गई है।


