बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) धनतेरस के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव का आगाज, बाजारों में छाई रौनक करोड़ों के कारोबार की उम्मीद ग्राहकों के स्वागत के लिए सज कर तैयार हुए बाजार पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत शुक्रवार 6 नवंबर को धनतेरस के पर्व के साथ होगी। दीपावली के इस विशेष उत्सव को लेकर शहर में उत्साह और उल्लास का माहौल है। धनतेरस पर सोने चांदी के आभूषणों के साथ बर्तन, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉ निक्स और अन्य घरेलू वस्तुओं की खरीदारी को शुभ माना जाता है। इसी मान्यता के चलते बाजारों में ग्राहकों की अच्छी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।धनतेरस को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों में व्यापारियों ने अपनी दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया है। प्रतिष्ठानों पर रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और विभिन्न उत्पादों की विशेष रेंज ग्राहकों को लुभा रही है। बर्तन बाजार से लेकर सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल शोरूम तक ग्राहकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं। कई व्यापारियों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष छूट और आकर्षक ऑफर भी दिए हैं।धनतेरस के दिन नई वस्तुओं की खरीदारी को शुभ मानने की परंपरा के चलते सुबह से ही बाजारों में चहल पहल बढ़ने की संभावना है। विशेष रूप से बर्तनों की दुकानों पर खरीदारी का उत्साह देखने को मिलेगा। वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बुकिंग तथा डिलीवरी को लेकर भी ऑटोमोबाइल कारोबारियों को अच्छे व्यवसाय की उम्मीद है।पांच दिवसीय दीपोत्सव के पहले दिन धनतेरस से शुरू होने वाली खरीदारी आगामी दिनों में और गति पकड़ेगी। व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार त्योहारी सीजन में शहर में करोड़ों रुपये का कारोबार होगा। कुल मिलाकर धनतेरस के आगमन के साथ ही बुरहानपुर का बाजार रोशनी, उत्साह और खरीदारी के रंग में रंगने को तैयार है।


