Saturday, September 5, 2026
spot_img
spot_img
Homeबुरहानपुरचरमराई नगर की सफाई व्यवस्था, सड़कों पर बह रहा नालियों का गंदा...

चरमराई नगर की सफाई व्यवस्था, सड़कों पर बह रहा नालियों का गंदा पानी

बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के नगर निगम के दावे जमीनी हकीकत के सामने खोखले साबित होते नजर आ रहे हैं। शहर के भीतरी हिस्सों और रहवासी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सहेत कुआं के कोलीवाडा आलमगंज के कई हिस्सों में अनेक स्थानों पर नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे गंदगी फैलने के साथ आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। शहर की विभिन्न गलियों में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है। नालियों का पानी सड़क पर आने से कीचड़ और दुर्गंध की स्थिति बनी हुई है। वहीं, सीवरेज के चेंबर बार-बार चौक होने से समस्या और गंभीर हो रही है। चेंबर ब्लॉक होने के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है और राहगीरों को इसी गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। नगर निगम के पास सफाई व्यवस्था के लिए पर्याप्त संसाधन और सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था होने के बावजूद समस्या बनी हुई है। नागरिकों का कहना है कि सफाई कर्मचारियों की कमी से अधिक समस्या उनके कार्यों के उचित सुपरविजन की है। संबंधित सफाई सुपरवाइजर यदि नियमित रूप से क्षेत्रों का निरीक्षण करें और कर्मचारियों से निर्धारित कार्य करवाएं तो काफी हद तक स्थिति में सुधार हो सकता है। शहरवासियों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था की निगरानी केवल कागजों तक सीमित रह गई है। भीतरी गलियों में नियमित सफाई, नालियों की निकासी और सीवरेज चेंबर की समय-समय पर जांच नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ रही है। इससे मच्छरों के पनपने और बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है। नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि शहर के भीतरी क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही सफाई सुपरवाइजरों को नियमित निरीक्षण की जिम्मेदारी देकर लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था पटरी पर लौट सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments