बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) राजघाट सत्यारा घाट पर छोटी प्रतिमाएं, हतनूर पुल से होगा बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन गणेश उत्सव के समापन पर होने वाले गणेश विसर्जन चल समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। दो दिनों तक चलने वाले विसर्जन समारोह को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर हर्ष सिंह एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागड़ी ने अधिकारियों के साथ विसर्जन मार्गों और घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन ने बड़ी और छोटी गणेशप्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अलग अलग मार्ग और स्थान निर्धारित किए हैं। छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन राजघाट एवं सत्यारा घाट पर किया जाएगा, जबकि बड़ी प्रतिमाओं को हतनूर पुल से विसर्जित करने की व्यवस्था की गई है। अलग अलग मार्ग निर्धारित किए जाने से विसर्जन के दौरान भीड़ और यातायात के दबाव को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। विसर्जन चल समारोह के दौरान शहर की यातायातव्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहेगा। इसी को देखते हुए अधिकारियों ने पूरे रूट का निरीक्षण किया। जिन स्थानों पर आवश्यकता महसूस होगी, वहां हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाही कोअस्थायी रूप से प्रतिबंधित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों और संवेदन शील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रशासन द्वारा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्धारित व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। दो दिनों तक चलने वाले विसर्जन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।


