बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) 20 हजार की आबादी और हजारों राहगीर परेशान, दो पार्षदों की मौजूदगी के बावजूद समस्या जस की तस जिस से ड्रेनेज व्यवस्था की खुल रही पोल, स्वच्छता अभियान के दावों पर गंदे पानी का तमाचा शहर में स्वच्छता और बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था के नाम पर बड़े-बड़े दावे करने वाले नगर निगम की जमीनी हकीकत आलमगंज से आजाद नगर चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर साफ दिखाई दे रही है। यहां ड्रेनेज चेंबर का गंदा पानी पिछले तीन माह से लगातार सड़क पर बह रहा है। करीब 20 हजार की आबादी और प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही वाले इस मार्ग पर गंदगी का आलम यह है कि क्षेत्रवासियों और राहगीरों को मजबूरी में गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसी के जिम्मेदार अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर तीन महीने से सड़क पर बह रहे गंदे पानी को रोकने के लिए अब तक कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया गया? क्या नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को यह समस्या दिखाई नहीं देती या फिर जनता की परेशानी उनके लिए कोई मायने नहीं रखती? ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के नाम पर किए गए निर्माण कार्यों की यह स्थिति पूरी योजना की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।हैरानी की बात यह भी है कि इस क्षेत्र में दो पार्षदों का प्रतिनिधित्व होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। आखिर जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी क्या केवल चुनाव के समय जनता के बीच पहुंचने तक सीमित है तीन महीने से नागरिकों की परेशानी जारी है, लेकिन न निगम प्रशासन सक्रिय हुआ और न ही संबंधित एजेंसी ने जवाबदेही दिखाई।सड़क पर बहता गंदा पानी न केवल आवागमन में बाधा बन रहा है, बल्कि दुर्गंध, गंदगी और संक्रमण की आशंका भी बढ़ा रहा है। यह स्थिति स्वच्छता मिशन के दावों को खुली चुनौती दे रही है।अब सवाल यह है कि नगर निगम कबजागेगा क्या किसी बड़ी बीमारी या के बाद ही अधिकारियों की नींद खुलेगी प्रशासन को चाहिए कि तत्काल चेंबर की तकनीकी खामी दूर कर गंदे पानी का बहाव रोके और लापरवाह एजेंसी की जवाबदेही तय करे। जनता को आश्वासन नहीं, समस्या से स्थायी निजात चाहिए।


