बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) दिन और रात के तापमान में आई गिरावट, गर्म कपड़ों की बढ़ी जरूरत मौसम के बदलते मिजाज के साथ ही शहर में गुलाबी ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से दिन और रात के तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक घुलने लगी है, वहीं सूर्यास्त होते ही सर्द हवाओं के कारण ठंड का एहसास बढ़ जाता है। रात गहराने के साथ ही मौसम और ठंडा होने लगा है।मौसम में आए इस बदलाव के चलते अब लोगों की दिनचर्या में भी परिवर्तन दिखाई देने लगा है। सुबह घरों से निकलने वाले लोग हल्के गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं। वहीं शाम के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोग स्वेटर, जैकेट और शॉल पहने नजर आने लगे हैं। अब तक गर्मी से राहत पाने के लिए पंखों और कूलर का सहारा लेने वाले लोगों को रात के समय इनकी जरूरत कम महसूस होने लगी है। बदलते मौसम का असर खानपान पर भी दिखाई देने लगा है। लोग ठंड से बचाव के लिए गर्म चाय, कॉफी और गर्म खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता देने लगे हैं। सुबह की सैर करने वालों को भी अब ठंडी हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर देर रात और तड़के सुबह ठंड का प्रभाव अधिक महसूस किया जा रहा है।मौसम के इस बदलाव के साथ ही गर्म कपड़ों के बाजार में भी हलचल बढ़ने की संभावना है दुकानदारों ने सर्दी के मौसम को देखते हुए स्वेटर जैकेट मफलर और अन्य गर्म कपड़ों का स्टॉक सजाना शुरू कर दिया है।
फिलहाल गुलाबी ठंड ने सर्दी के आगमन का संकेत दे दिया है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने पर ठंड का असर बढ़ने की उम्मीद है।


