बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) मुगलकालीन 8 किलोमीटर लंबी दीवार जर्जर होकर हो रही खंडहर, नगर निगम ने आसपास बना दिए कचरे के डिपो बुरहानपुर की ऐतिहासिक पहचान और गौरवशाली अतीत का प्रतीक मुगलकालीन परकोटे की दीवार जो फारुकी कॉल 1400 ई के आसपास शुरू की गई थी और मुगल काल तक बनकर तैयार हुई आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। शहर की सुरक्षा के उद्देश्य से मुगल शासनकाल में लगभग 8 किलोमीटर लंबी इस विशाल परकोटे की दीवार का निर्माण कराया गया था। शहर के अलग-अलग हिस्सों से होकर गुजरने वाली इस दीवार में आठ विशाल प्रवेश द्वार भी बनाए गए थे, जो उस दौर की स्थापत्य कला और सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण निशानी हैं। लेकिन आज यही ऐतिहासिक धरोहर उपेक्षा का शिकार है। विडंबना यह है कि ऐतिहासिक महत्व की इस दीवार के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने वाला पुरातत्व विभाग इसकी दुर्दशा को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है। देखरेख और मरम्मत के अभाव में परकोटे की दीवार कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। कहीं इसकी ईंटें और निर्माण सामग्री उखड़ रही हैं तो कहीं दीवार का हिस्सा टूटकर खंडहर में तब्दील होता जा रहा है। समय रहते संरक्षण के प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों के लिए इस ऐतिहासिक धरोहर का अस्तित्व बचाना मुश्किल हो सकता है।दूसरी ओर नगर निगम की कार्य प्रणाली भी सवालों के घेरे में है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में परकोटे की दीवार के नजदीक कचरे के डिपो बना दिए गए हैं। जिस धरोहर को शहर की पहचान के रूप में संरक्षित किया जाना चाहिए, उसके आसपास गंदगी के ढेर लगाए जा रहे हैं। इससे न केवल ऐतिहासिक विरासत की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि शहर की छवि भी धूमिल हो रही है। सवाल यह है कि आखिर पुरातत्व विभाग और नगर निगम इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के लिए कब जागेंगे क्या प्रशासन किसी बड़े नुकसान का इंतजार कर रहा है जरूरत है कि परकोटे की पूरी दीवार का सर्वे कराकर मरम्मत, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण की ठोस योजना बनाई जाए, ताकि बुरहानपुर की यह ऐतिहासिक पहचान मिटने से बच सके।


