बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) शारदीय नवरात्रि आज से, माता रानी के दरबार सजे घट स्थापना के साथ नौ दिवसीय पर्व का आगाज़ गरबा और माता के जागरण से भक्तिमय होंगी रातें शक्ति की आराधना के नौ दिवसीय पर्व शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ रविवार, 11 अक्टूबर को घट स्थापना के साथ होगा। नवरात्रि पर्व को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। माता रानी के मंदिरों और दरबारों को आकर्षक रूप से सजाया गया है। वहीं, श्रद्धालु भी पूजा-अर्चना की तैयारियों में जुटे हुए हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक पर्व के दौरान शहर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह की छटा देखने को मिलेगी। नवरात्रि के प्रथम दिन विधि-विधान से घट स्थापना कर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की जाएगी। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू होगा। भक्त मां दुर्गा की आराधना कर परिवार की सुख समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना करेंगे। घरों में भी घट स्थापना के साथ नौ दिनों तक पूजा पाठ और धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।गरबा और जागरण से गूंजेगी नगरी नवरात्रि के पहले दिन से ही शहर में माता रानी के जागरण और गरबा आयोजनों की शुरुआत होगी। विभिन्न स्थानों पर गरबा पंडाल सजाए गए हैं, जहां श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में गरबा और डांडिया कर मां की आराधना करेंगे। शाम होते ही गरबा स्थलों पर रौनक बढ़ने की उम्मीद है। भक्ति गीतों और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय होगा।नौ दिनों तक होगी शक्ति की आराधना शारदीय नवरात्रि के दौरान नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाएगी। पर्व के समापन पर महानवमी और दशहरा के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। नवरात्रि को लेकर मंदिरों में साज-सज्जा, पूजा सामग्री और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह है। अब रविवार से शहर में नौ दिनों तक माता रानी की भक्ति और आराधना का सिलसिला जारी रहेगा।


