बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) पीडीएस दुकान संचालकों का कमीशन बढ़ाने, क्विंटल पर 1 से 5 किलो घट माफ करने और समय पर कमीशन की राशि का भुगतान की मांग की गई है सार्वजनिक वितरण प्रणाली पीडीएस के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राशनउपलब्ध कराने वाले दुकान संचालक और सहायता समूह अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। प्रदेश स्तरीय यह हड़ताल 1 अक्टूबर से शुरू हुई यह हड़ताल 7 अक्टूबर तक जारी रहने की बात कही गई है। ऐसे में हड़ताल के दौरान पात्र हितग्राहियों को राशन वितरण प्रभावित होने की आशंका है।दुकान संचालकों का कहना है कि मौजूदा कमीशन में उन्हें दुकान संचालन का खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है। लंबे समय से कमीशन बढ़ाने की मांग की जा रही है, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित निर्णय नहीं हुआ। संचालकों ने सरकार से प्रति क्विंटल मिलने वाले राशन में होने वाली 1 से 5 किलो तक की घट को भी माफ करने की मांग उठाई है। संचालकों के अनुसार राशन वितरण के दौरान वास्तविक मात्रा और रिकॉर्ड में दर्ज मात्रा के बीच अंतर होने पर घट का भार कई बार दुकान संचालकों पर आ जाता है। उन का कहना है कि इस व्यवस्था में उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसलिए प्रति क्विंटल होने वाली घट को छोड़ने की मांग की जा रही है। समय पर भुगतान नहीं मिलने से भी परेशानी हो रही है दुकान संचालकों ने कमीशन की राशि समय पर दिए जाने की मांग भी प्रमुखता से रखी है। उनका कहना है कि कमीशन भुगतान में देरी होने से दुकान संचालन और कर्मचारियों से जुड़े खर्चों का प्रबंधन प्रभावित होता है। संचालकों ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। हड़ताल के कारण राशन वितरण व्यवस्था प्रभावित होने से सबसे ज्यादा परेशानी गरीब और जरूरतमंद परिवारों को उठानी पड़ सकती है। अब निगाहें सरकार के निर्णय और हड़ताल समाप्त कराने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर टिकी हैं।


