Monday, September 14, 2026
spot_img
spot_img
Homeबुरहानपुरप्रतिमा स्थापना के साथ गणेश उत्सव प्रारंभ उत्सव पर सुरक्षा का कड़ा...

प्रतिमा स्थापना के साथ गणेश उत्सव प्रारंभ उत्सव पर सुरक्षा का कड़ा पहरा

बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश के साथ जिले में सोमवार से 12 दिवसीय गणेश उत्सव का शुभारंभ गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के साथ हो गया। उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद कर दी है। जिलेभर में 700 से अधिक स्थानों पर सार्वजनिक गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जा रही जहां किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए क्यूआर कोड गणेश मंडलों को उपलब्ध कराए गए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।गणेश उत्सव के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए डीआईजी खरगोन ने पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के साथ ही सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री से माहौल प्रभावित न हो। बैठक में जिले के गुंडे-बदमाशों और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों को सूचीबद्ध कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जरूरत के अनुसार ऐसे तत्वों को नजरबंद रखने तथा उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। इधर गणेश उत्सव के शुभारंभ से पहले पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने जहां अपनी मुस्तैदी का संदेश दिया, वहीं लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने का भरोसा भी दिलाया।प्रशासन ने गणेश मंडलों से भी अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए आयोजन करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उत्सव के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments