बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) खेलकूद विकास समिति द्वारा आयोजित 29वें खेल प्रशिक्षण सत्र का सफलतापूर्वक समापन रविवार, 31 मई 2026 को सावित्रीबाई फुले विद्यालय परिसर में किया गया। यह आयोजन खेल एवं युवक कल्याण विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में 1 मई 2026 से प्रारंभ हुआ था। पूरे महीने चले इस प्रशिक्षण शिविर में शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस सत्र के दौरान प्रतिभागियों को कबड्डी, शतरंज, कराटे वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण अनुभवी कोचों द्वारा दिया गया। बच्चों ने न केवल खेल की बारीकियां सीखी, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण गुणों को भी आत्मसात किया। प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित होने वाले इस शिविर में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति देखने को मिली। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल अमित मिश्रा समर चिटनिस सहित सहित खेलकूद विकास समिति के सदस्य तथा स्कूल प्राचार्य नीना गुप्ता आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन अनुशासन और नियमित उपस्थिति के आधार पर प्रति भागियों एवं कोचों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार वितरित किए गए। समिति के सदस्य जगदीश सिंह हजारी ने बताया कि खेलकूद विकास समिति पिछले 29 वर्षों से लगातार इस प्रकार के आयोजन करती आ रही है, जो दानदाताओं के सहयोग से संभव हो पाता है। उन्होंने सभी सहयोगियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।












