बुरहानपुर (अकील ए आज़ाद) सोना-चांदी से लेकर ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक बाजार में दिखी रौनक, करोड़ों के कारोबार की उम्मीद दीपावली पर्व के पहले पुष्य नक्षत्र के शुभ मुहूर्त ने शहर के बाजारों में रौनक बढ़ा दी। शुभ मुहूर्त में खरीदारी को विशेष महत्व दिए जाने के चलते सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई। दिनभर बाजार में चहल-पहल बनी रही और लोगों ने अपनी पसंद एवं बजट के अनुसार जमकर खरीदारी की। सोना-चांदी, ऑटोमोबाइल,इलेक्ट्रॉनिक सहित विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों में अच्छी ग्राहकी देखने को मिली।पुष्य नक्षत्र को खरीदारी और नए सामान की शुरुआत के लिए शुभ माना जाता है। इसी मान्यता के चलते लोगों ने आभूषण, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी को प्राथमिकता दी। सराफा बाजार में सोने-चांदी केके आभूषणों की मांग दिखाई दी। वहीं ऑटोमोबाइल शोरूम पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बुकिंग एवं खरीदी को लेकर ग्राहक पहुंचे। Nव्यापारियों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष ऑफर और आकर्षक योजनाएं पेश कीं। सोने की खरीदारी पर विशेष छूट और अन्य सुविधाओं के ऑफर दिए गए। इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन सहित अन्य घरेलू उपकरणों की खरीदी को लेकर उत्साह नजर आया। दीपावली के त्योहार को देखते हुए पुष्य नक्षत्र से बाजार में ग्राहकी का अच्छा आगाज माना जा रहा है। व्यापारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में धनतेरस और दीपावली तक खरीदारी का सिलसिला और तेज होगा। पुष्य नक्षत्र के अवसर पर विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों में हुई ग्राहकी को देखते हुए शहर में करोड़ों रुपये के कारोबार की उम्मीद जताई जा रही है। इससे व्यापारियों के चेहरों पर भी उत्साह दिखाई दिया।


